- Hindi News
- Local
- Bihar
- Motihari
- Strictness Was Maintained: 14082 Candidates Appeared In The First Shift And 1798 Candidates Appeared In The Second Shift.
बरती गई सख्ती : प्रथम पाली में 14082 व दूसरी पाली में 1798 परीक्षार्थी हुए शामिल
- कॉपी लिंक

सिटी रिपोर्टर | मोतिहारी

जिले में सोमवार से शुरू इंटर परीक्षा में काफी सख्ती बरती गई। बोर्ड के निर्देश के मुताबिक पहली पाली में 9 बजे के बाद परीक्षा केंद्रों का गेट बंद कर दिया गया। जिसके कारण सुगौली के दो केंद्र पर तीन परीक्षार्थी, मोतिहारी के चार परीक्षार्थी की परीक्षा छूट गई। प्रथम पाली में एमएस कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दो मिनट देर से पहुंची तीन छात्राओं को एंट्री नहीं मिली। वहीं एक वीक्षक को भी देर से आने के कारण केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नही दी गई।
इसी तरह दूसरी पाली में मंगल सेमिनरी केंद्र पर देर से पहुंचने वाली तुरकौलिया की नुसरत व एक दिव्यांग शिक्षिका को भी अंदर जाने नहीं दिया गया। छात्रा ने बताया कि रघुनाथपुर व बलुआ में जाम के कारण पैदल दौड़ते हुए केंद्र तक पहुंची। फिर भी दो मिनट देर हो गई। बताते चलें कि परीक्षा 9.30 बजे से प्रारंभ होने के कारण परीक्षार्थी सुबह आठ बजे से ही केंद्र पर पहुंचने लगे। गहन जांच कर उन्हें 9 बजे तक प्रवेश दिया गया। जूता-मोजा पहनकर केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। डीएम सौरभ जोरवाल एवं एसपी स्वर्ण प्रभात व डीईओ राजन कुमार गिरि ने जिला स्कूल, मंगल सेमिनरी एवं प्रभावती गुप्ता परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन का जायजा लिया गया। केंद्रों पर सीसीटीवी व वीडियोग्राफी कराई गई। जिले के सभी 69 केंद्रों पर प्रथम पाली में कुल 14317 की जगह 14082 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 235 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 1843 की जगह 1798 उपस्थित व 45 अनुपस्थित रहे। उधर, चिरैया प्रखंड स्थित महादेव साह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई।
आदर्श परीक्षा केंद्र मंगल सेमिनरी में गुलाब का फूल देकर स्वागत इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए शहर के मंगल सेमिनरी केंद्र को आदर्श केंद्र बनाया गया है। यहां परीक्षा के पहले दिन सभी परीक्षार्थियों को गुलाब का फूल देकर व माला पहनाकर स्वागत किया गया। केंद्र की भी फूलों से सजावट की गई थी। जहां स्वच्छ वातावरण में परीक्षार्थियों ने परीक्षा दिया। सीएस डॉ. उमेश कुमार की इस पहल की खूब सराहना हो रही है। छात्रों एवं अभिभावकों ने भी सराहा।
शहर में इंटर परीक्षा के दौरान जाम की समस्या से आम व खास सभी को परेशानी हुई। परीक्षा समाप्त होने पर परीक्षार्थी व अभिभावकों की भीड़ ज्यादा इकट्ठी हो जाने के कारण नगर थाना के समीप, सदर अस्पताल रोड, छतौनी चौक, गांधी चौक, मधुबन छावनी चौक, जानपुल, एमएस कॉलेज, चांदमारी रेलवे गुमटी, कचहरी रेलवे गुमटी, बलुआ, रघुनाथपुर आदि जगहों पर जाम की स्थिति रही। जिसके कारण परीक्षार्थियों के अलावा अन्य लोगों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। हालांकि कुछ देर के बाद जाम स्वतः समाप्त हो गई।


























